बेसिक शिक्षकों ने विशेष आकांक्षी व सामान्य जनपदों के शिक्षकों के अंतर्जनपदीय स्थानांतरण की मांग को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट पर सांकेतिक प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी कार्यालय में सौंपा। शिक्षकों ने बताया कि मांग को लेकर एक सप्ताह तक पूरे प्रदेश में आंदोलन होगा। अब जिले के सांसद और विधायकों एवं अन्य सक्षम जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन देने की योजना है।
प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर सौंपे गए ज्ञापन के बाद शिक्षक रामगोपाल यादव, रंजना सिंह, राधेश्याम पाल ने बताया कि आकांक्षी जनपदों के बहुतायत शिक्षक 10 वर्षों से भी ऊपर समय से अपने गृह जनपद व परिवार से दूर हैं। जेबा अफरोज, भारती पांडेय, कमलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री से मिलने से लेकर जब तक स्थानांतरण नहीं होता अपनी लड़ाई हर स्तर पर जारी रखेंगे। गोपाल सिंह कुशवाहा व रूबी खान ने बताया कि ज्ञापन सप्ताह की प्रथम कड़ी में ट्विटर अभियान चलाया गया था जो दो लाख से अधिक ट्वीट के साथ उच्चतम स्थान पर ट्रेंड भी हुआ था। शिक्षकों का कहना है कि यदि सरकार द्वारा आकांक्षी जनपदों के शिक्षकों के हित में उचित निर्णय नहीं लिया जाता तो आकांक्षी शिक्षक जमीनी संघर्ष करने को बाध्य होंगे। इस मौके पर हिलाल मोईनी, संतोष श्रीवास्तव, रेनू मिश्रा, मनीष सिंह, अनिल मौर्या, राजकुमार मौर्य, पप्पू चौहान, प्रशांत कुमार, निशा मालवीया, विजय कुमार, बबिता, संजय यादव, मनोज कुमार यादव, मधु मिश्रा, फौजिया तबस्सुम आदि मौजूद रहे।