सोनभद्र। बकाया मजदूरी न मिलने से नाराज करमा ब्लॉक के ग्राम पंचासत उचकादाई गांव के ग्रामीणों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। मांगें पूरी न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी। उन्होंने डीएम के नाम संबोधित ज्ञापन भी प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा।
श्रमिक सरोज कुमार, अशोक कुमार, हरिश्चंद्र, अक्षय कुमार, अशोक, राधेश्याम, चंद्रशेखर, कुमार, देवेंद्र कुमार, रामचंद्र, कैलाश, सुनील कुमार, राजेश आदि का कहना था कि उचकादाई ग्राम सभा के कई लोगों ने लॉकडाउन के दौरान मई माह में मनरेगा के तहत नदी पर बंधी बनाने का कार्य किया था। जिसकी मजदूरी का भुगतान अब तक नहीं किया गया है। इन श्रमिकों ने आरोप लगाया कि मजदूरी की मांग किए जाने पर डांट फटकार कर भगा दिया जाता है। इस संबंध में अधिकारियों को पत्र भी भेजा गया लेकिन अब तक कुछ नहीं किया गया। ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों से बकाया मजदूरी का भुगतान कराने की मांग की। साथ ही मजदूरी में भुगतान में देर करने के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की।