दुद्धी। बैरखड़ गांव में ग्रामीणों ने खाद्यान्न वितरण में गड़बड़ी का आरोप कोटेदार पर लगाया है। राशन कार्डधारक लाल बिहारी, अब्दुल सलाम, मगरी देवी, आशीष कुमार आदि ग्रामीणों ने शनिवार को बताया कि कोटेदार ने पिछले जून से हर कार्ड पर एक किलो अनाज कम दिया जा रहा है। पूछने पर कोटेदार के बेटे ने बताया कि प्रधान ने एक किलो अनाज कम देने को कहा है। 35 किलो की जगह 34 किलो अनाज कम मिलने से ग्रामीणों में आक्रोश रहा।
ग्रामीणों ने बताया कि कोरोना के समय मुफ्त मिलने वाले अनाज को भी कम दिया है। कोटेदार के पुत्र लाल बहादुर ने बताया कि लाल व सफेद कार्ड मिलाकर कुल 514 कार्ड है और हर कार्ड पर एक किलो अनाज कम देते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के सुदूर अंचलों में सरकार की योजनाओं का सीधा लाभ ग्रामीणों को नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कोटे की दुकान पर दो नाबालिग बच्चों को भी मजदूरी पर लगाकर गेहूं व चावल को बोरी में भरवाया जा रहा था। इस बाबत आपूर्ति निरीक्षक राम लाल यादव ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। दोषी पाए जाने पर संबंधित कोटेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।