तेलगुड़वा से कोन संपर्क मार्ग स्थित नवटोलिया में विरोध प्रदर्शन कर सड़क जाम करते लोग। संवाद
हाथीनाला। तेलगुड़वा-कोन संपर्क मार्ग के निर्माण कार्य में लापरवाही से नाराज ग्रामीणों ने शुक्रवार को कोटा ग्राम पंचायत के टोला नवटोलिया में सड़क पर पत्थर रखकर जाम लगा दिया। साथ ही ठेकेदार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। करीब डेढ़ घंटे तक चले इस जाम में कामकाजी लोग और स्कूल बसें फंसी रहीं, इससे वाहनों की लंबी कतार लग गई।
शुक्रवार सुबह करीब सात बजे ग्रामीणों ने निर्माणाधीन सड़क पर उड़ रही धूल की समस्या से परेशान होकर यह कदम उठाया। उनका आरोप है कि ठेकेदार ने सड़क किनारे मिट्टी डालकर छोड़ दिया है, इससे वाहनों के आवागमन के दौरान भारी मात्रा में धूल उड़ रही है।
यह धूल घरों तक पहुंच रही है और लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने ठेकेदार से फोन पर वार्ता कराई, इसके बाद ठेकेदार ने समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।
आश्वासन मिलने पर ग्रामीणों ने सड़क से पत्थर हटाकर जाम समाप्त किया। प्रदर्शन में शामिल अमित, रामप्रसाद, अमृतलाल, अर्जुन, अखिलेश, प्रिंस, दिलीप, संजय, चमेली देवी, अजय कुमार सहित 12 से अधिक ग्रामीणों ने बताया कि कई बार शिकायत के बावजूद ठेकेदार ध्यान नहीं दे रहा था। उन्होंने मांग की कि सड़क पर नियमित रूप से दिन में कम से कम तीन बार पानी का छिड़काव कराया जाए और स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं, ताकि धूल की समस्या से राहत मिल सके। एसओ चोपन अखिलेश मिश्रा ने बताया किनिर्माणाधीन सड़क पर धूल डस्ट उड़ने से परेशान स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया था। सूचना पर एसआई रामफेर यादव को पुलिस टीम के साथ मौके पर भेजा गया। ठेकेदार से मोबाइल के माध्यम से वार्ता कराने के बाद प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझा बुझा दिया गया। आवागमन बाधित नहीं था। संवाद