सोनभद्र। जिले में एक अनुबंधित रोडवेज बस चालक एवं परिचालक को धमकी देने तथा उच्चाधिकारियों को गाली देने का वीडियो सोशल मीडिया पर खवायरल हो रहा है। वायरल वीडियो ओबरा क्षेत्र का बताया जा रहा है। मामले की जानकारी होने पर पुलिस प्रशासन वायरल वीडियो की जांच पड़ताल में जुट गई है।
परिवहन निगम के अधिकारियों के मुताबिक ग्रामीण अनुबंध योजना के तहत कई अनुबंधित बसों का संचालन किया जा रहा हैं। वाराणसी से ओबरा तक नई अनुबंधित बस संचालित हो रही है। शुक्रवार की सुबह करीब 10.45 बजे बस में लगे सीसी टीवी कैमरे में पूरा वीडियो रिकार्ड हुआ है। वायरल वीडियो में अनुबंधित बस के चालक एवं परिचालक के साथ एक व्यक्ति बदसलूकी करते तथा उन्हे धमकी देते हुए देखा जा रहा है। उक्त व्यक्ति परिवहन निगम के जिले स्तर के अधिकारी को भी अपशब्द बोल रहा है। वायरल वीडियो के संबंध में एआरएम विश्राम का कहना है कि ओबरा क्षेत्र में अनुबंधित बस के चालक एवं परिचालक के साथ बदसलूकी व धमकी देने का मामला प्रकाश में आया है। मामले की शिकायत पुलिस प्रशासन से की गई है।
अनुबंधित रोडवेज बस चालक एवं परिचालकों को धमकी देने का वायरल वीडियो मिला है। जांच के बाद दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- डॉ.चारू द्विवेदी, क्षेत्राधिकारी-ओबरा।