सियाचीन बार्डर तैनात सोनभद्र जिले के रहने वाले सैनिक राधा रमण राय का वीडियो वायरल होने से पुलिस महकमे में गुरुवार को हड़कंप मच गया। जवान ने पुलिस अधीक्षक को पत्र भी लिखा है। जवान का आरोप है कि उसने चोरी की एक रिपोर्ट दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उसके पिता व भाई को ही परेशान करने के लिए रात में उसके घर पर छापेमारी करती है। जवान ने पुलिस पर रुपयों की भी डिमांड करने का आरोप भी लगाया है। एसपी आशीष श्रीवास्तव ने पिपरी सीओ को पुलिस कर्मियों पर लगे आरोपों की जांच कर रिपोर्ट मांगी है।
दरअसल, अनपरा थाना क्षेत्र के रेणुसागर निवासी राधा रमण राय सियाचिन में तैनात हैं। पुलिस अधीक्षक को लिखे पत्र में उन्होंने लिखा है कि उनके माता-पिता रेणुसागर में ही रहते हैं। उनका आरोप है कि दो वर्ष पूर्व पिता ने घर बनवाने की कोशिश की तो रेणुसागर चौकी इंचार्ज ने 25 हजार रुपये की मांग की। पिता ने पांच हजार रुपये एक सिपाही को दे भी दिया, लेकिन पुलिसकर्मी फिर भी उनके परिजनों को परेशान करते रहे।
घर में तीन बार बिना कारण बताए छापेमारी की। बेवजह पिता को थाने में लाकर चार दिनों तक बैठाए रखा गया। मां कैंसर की मरीज हैं, फिर भी वो अनपरा थाने के चक्कर लगाती रहीं। जवान ने आरोप लगाया है कि पुलिस की प्रताड़ना से तंग आकर माता-पिता रेणुसागर का घर छोड़कर गांव चले गए।
जवान का कहना है कि 28 अप्रैल को रेणुसागर स्थित उनके घर में चोरी हो गई, लेकिन पुलिस ने मामला दर्ज करने से इंकार कर दिया। एफआईआर नहीं लिखी गई तो उन्होंने एसपी, आईजी, डीजीपी से इस की शिकायत की। तब जाकर एफआईआर दर्ज हुआ।