करमा ब्लॉक के कंपोजिट विद्यालय बबुराही में एमडीएम की गुणवत्ता को लेकर सोशल मीडिया में वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में स्कूल के बाहर मौजूद बच्चे व अभिभावक गुणवत्ताहीन भोजन देने और विरोध पर आपत्तिजनक बात कहने का आरोप लगा रहे हैं। वीडियो शनिवार का बताया जा रहा है। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी इस वीडियो की पुष्टि नहीं करती।
वायरल वीडियो में बच्चे एमडीएम में पतली दाल और सब्जी दिए जाने की बात कह रहे हैं। दूध में भी पानी की मिलावट की बात कही जा रही है। बच्चों का आरोप है कि शुक्रवार को खराब भोजन की शिकायत करने पर प्रधानाचार्य और शिक्षा मित्र ने उनसे आपत्तिजनक बात कही। इससे नाराज बच्चे और ग्रामीण शनिवार को विद्यालय के गेट पर पहुंचकर हंगामा किया। अभिभावकों का कहना है कि विद्यालय में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण भोजन मिलना चाहिए। एमडीएम की गुणवत्ता और आरोपों के निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी बृजेश सिंह से संपर्क किया गया तो बताया कि मामले की जांच कराई गई है। बच्चों को एमडीएम मानक के तहत गुणवत्तापूर्ण दिया जा रहा है। विद्यालय में तैनात दो शिक्षिकाओं के बीच आपस का विवाद है। इसी विवाद में कुछ ग्रामीणों को बरगलाकर वीडियो बनाया गया है। एक शिक्षिका काे वहां से हटाकर दूसरे विद्यालय संबद्ध कर दिया गया है।