भिखारी भोले सेवा ट्रस्ट कसारी रामगढ़ के तत्वावधान में एक मार्च को दुद्धी रामलीला मैदान में 101 निर्धन कन्याओं की शादी कराई जाएगी। इसके मद्देनजर गुरुवार को साधु-संन्यासियों की अगुवाई में शंखनाद के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में सभी धर्म एवं संगठनों के लोगों ने हिस्सा लिया।
दुद्धी काली मंदिर से 101 कलश लेकर महिलाओं और कन्याओं ने ठेमा नदी से जल भरकर मुख्य मार्गों से होते हुए रामलीला मैदान पहुंची। कलश यात्रा में दुद्धी व आसपास के क्षेत्रों के लोग शामिल हुए।
बता दें कि दुद्धी तहसील क्षेत्र में ऐसा आयोजन पहली बार हो रहा है। अति पिछड़ा और गरीब बाहुल्य क्षेत्र में इस आयोजन से गरीब, निर्धन असहाय परिवारों की कन्याओं को राहत मिलेगी। आयोजक भिक्षुक भिखारी जंगली बाबा ने बताया कि कलश यात्रा के साथ पांच दिनों तक रामकथा होगी।
जो एक मार्च को होने वाले 101 निर्धन कन्याओं के सामूहिक विवाह के दिन तक चलेगा। उन्होंने यह भी बताया कि कथा वाचक जावित्री पांडेय रामकथा सुनाएंगी। रामकथा अखंड दिव्य ज्योति जलाने के बाद शुरू हो गई।
इस मौके पर रामलीला कमेटी के अध्यक्ष दिनेश जायसवाल, अवधनारायण यादव, डीपी सिंह, नंदलाल अग्रहरि, कल्याण मिश्रा, विक्रम जीत सिंह, मिथिलेश जौहरी, धर्मेंद्र, पंकज, श्याम नारायण, अभय आदि रहे।