सलखन। सहकारी समितियों पर खाद के लिए मारामारी थमने का नाम नहीं ले रही है। राॅबर्ट्सगंज ब्लॉक के मारकुंडी साधन सहकारी समिति पर बुधवार को किसानों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हंगामे के कारण दो घंटे तक खाद का वितरण बंद रहा। पुलिस के पहुंचने पर वितरण शुरू हुआ लेकिन फिर हंगामा होने लगा। समिति से और खाद उपलब्ध कराने के लिए पत्र भेजा गया है।
सुबह से ही समिति पर किसानों की भीड़ जुटने लगी थी। 10 बजे तक किसानों की संख्या एक हजार से ज्यादा हो गई लेकिन समिति पर 700 बोरी खाद उपलब्ध थी। ऐसे में किसान हंगामा करने लगे तो वितरण रोक दिया गया। दोपहर में प्रभारी निरीक्षक चोपन विजय चौरसिया पहुंचे। दोपहर तीन बजे तक यूरिया बांटी गई। इस बीच फिर हंगामा होने लगा, जिसके कारण वितरण रोक दिया गया।
सचिव हेमनाथ यादव ने बताया कि 700 बोरी खाद उपलब्ध थी लेकिन 1000 से अधिक लोगों के पहुंचने से परेशानी हुई। पुलिस की मौजूदगी में खाद वितरण किया गया लेकिन हंगामे को देखते हुए रोक दिया गया। एडीसीओ अवधेश सिंह ने बताया कि चरणबद्ध तरीके से यूरिया बांटी जाएगी।