सोनभद्र। डिस्ट्रिक्ट खो-खो एसोसिएशन के तत्वावधान में शनिवार को प्रकाश जीनियस इंटर कालेज राबर्ट्सगंज में डिस्ट्रिक्ट खो-खो चैंपियनशिप 2021 का आयोजन हुआ। इसमें महिला वर्ग में छह टीम और पुरुष वर्ग में 12 टीमों ने प्रतिभाग किया। एसोसिएशन के सचिव राकेश त्रिपाठी ने अतिथियों को बैच एवं स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया।
उद्घाटन मैच बालक वर्ग की टीम प्रकाश जीनियस और रेमंड क्लब के बीच खेला गया। इसमें प्रकाश जीनियस ने रेमंड क्लब को 14-11 से हराया। इसी तरह चोपन ने आदर्श को 10-07 से, एसोसिएशन क्लब ने सुपर सीनियर क्लब को 14-10 से, प्रकाश जीनियस सीनियर ने प्रकाश जीनियस जूनियर को 4-2 से हराया। बालिका वर्ग में यूपीएस पनारी ने टाइगर क्लब राबर्ट्सगंज को 10-05 से और टाइगर क्लब राबर्ट्सगंज ने प्रकाश जीनियस को 07-04 से हराया। प्रतियोगिता का समापन एवं पुरस्कार वितरण राजेंद्र प्रसाद जैन ने किया। निर्णायक की भूमिका में दीपक श्रीवास्तव, प्रीती मिश्रा, प्रदीप यादव, गरिमा सिंह, बारीध द्विवेदी, अंकित मौर्य आदि रहे। अंत में राकेश त्रिपाठी ने सभी अतिथियों एवं खिलाड़ियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विनोद धर, संतोष कुमार पांडेय, अंबर उपाध्याय, सुरेंद्र कुमार यादव आदि मौजूद रहे।