फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sonebhadra News: प्रसूता की मौत पर हंगामा, अस्पताल सील

विज्ञापन
विज्ञापन
सोनभद्र। पन्नूगंज रोड पर स्थित रेलवे क्रॉसिंग के समीप संचालित निजी अस्पताल में रविवार की रात प्रसूता की मौत के बाद परिजनों ने हंगामा किया। सूचना पर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छानबीन शुरू की तो कई खामियां मिली। अस्पताल प्रबंधक ने कागजात दिखाने से भी इन्कार कर दिया। टीम ने अस्पताल को सील कर दिया है। इसी अस्पताल में पिछले साल भी एक मौत के बाद ओटी सील किया गया था, मगर कुछ दिनों बाद ही उसका संचालन शुरू हो गया था। बाद में इस मामले में केस भी दर्ज किया गया था।
विज्ञापन

सदर कोतवाली क्षेत्र के कांशीराम आवास निवासी पूजा (26) पत्नी विनोद को प्रसव पीड़ा होने पर रविवार को रेलवे क्रॉसिंग स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां ऑपरेशन के बाद पूजा ने बच्चे को जन्म दिया। परिजनों को आरोप है कि गलत तरीके से ऑपरेशन के कारण गर्भवती की तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उसे वाराणसी रेफर कर दिया गया। रास्ते में मौत हो गई। वापस लौटकर परिजनों ने अस्पताल पर हंगामा किया।
सुबह मामले की जानकारी होने पर पुलिस भी पहुंची। सीएमओ के निर्देश पर पहुंचे निजी अस्पताल पंजीकरण के सह नोडल अधिकारी डॉ. रामकुंवर पहुंचे। उनके आने से पहले ही ऑपरेशन करने वाला चिकित्सक कमरे में ताला बंद कर फरार हो गया। टीम ने जांच के दौरान अस्पताल के दस्तावेज, इलाज की वीएचटी सहित अन्य जरूरी कागजात मांगे तो मैनेजर ने दिखाने से इन्कार कर दिया। जांच में सहयोग न करने और जरूरी कागजात पेश न करने पर सह नोडल डॉ. राम कुंवर ने अस्पताल को सील कर दिया। डॉ. रामकुंवर ने बताया कि अस्पताल में कौन-कौन चिकित्सक कार्य करते हैं, पंजीकरण में दर्ज चिकित्सक ही उपचार करते थे या फिर कोई और सहित अन्य बिंदुओं पर प्रबंधन ने कोई भी जानकारी नहीं दी और न ही दस्तावेज उपलब्ध कराया। विभागीय जांच जारी है। फिलहाल अस्पताल को सील कर दिया गया है।
विज्ञापन

फिर चर्चा में चिकित्सक
जिला मुख्यालय क्षेत्र में बीते दो साल में कई निजी अस्पतालों में सेवा देने वाले एक ही सर्जन का नाम चर्चा में है। चिकित्सक पर मेडिकल एक्ट उल्लंघन का केस भी दर्ज किया जा चुका है। चिकित्सक पर एक डिग्री कई अस्पतालों में लगाने और नियम के विपरीत कई अस्पतालों में भी कार्य करने की बात सामने आती रही है। इसे लेकर पूर्व में नोटिस भी दी जा चुकी है। इस बार भी मौत के मामले में उस चिकित्सक का नाम सामने आ रहा है।


रेलवे क्रॉसिंग के पास संचालित निजी अस्पताल में प्रसूता के मौत की सूचना का संज्ञान लेकर जांच कराई गई। अस्पताल के मैनेजर ने कोई भी रिकार्ड दिखाने से मना कर दिया। इस अस्पताल के इतिहास, चिकित्सकों की पूरे रिकार्ड की जांच के लिए टीम बनाई गई है। रिपोर्ट के आधार पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। - डॉ. अश्वनी कुमार, सीएमओ।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें