घोरावल। घोरावल कोतवाली क्षेत्र के खुटहां गांव निवासी युवक की रविवार की रात वाराणसी में छत से गिरकर मौत हो गई। मोबाइल पर बात करने के दौरान वह निर्माणाधीन मकान की छठवीं मंजिल से गिर गया। सोमवार की सुबह शव घर पहुंचा। घटना से गर्भवती पत्नी, माता-पिता सहित अन्य सदस्याें का रो-रोकर बुरा हाल है।
खुटहां गांव निवासी बालगोविंद का पुत्र विकास (28) मजदूरी करता था। इन दिनों वह वाराणसी शहर के लंका क्षेत्र में एक बहुमंजिली इमारत के निर्माण कार्य में लगा था। उसके माता-पिता भी कुछ दिनों से उसके साथ रह रहे थे। परिजनों के मुताबिक रात्रि करीब 10 बजे खाना खाने के बाद सभी सोने चले गए। उसी समय विकास मोबाइल पर किसी से बात करने लगा। बात करते हुए वह छठवीं मंजिल पर चला गया। मोबाइल से बात करने के दौरान वह नीचे गिर पड़ा। उसके चीखने की आवाज सुनकर लोग पहुंचे तो जमीन पर विकास मरणासन्न हाल में पड़ा था। बेटे की दशा देख कर माता-पिता बिलखने लगे। उसे बीएचयू ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। ठेकेदार के माध्यम से सोमवार की भोर में परिजन शव लेकर घर पहुंचे। दोपहर में मिर्जापुर के गंगा घाट पर शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी गई है।
दो बेटियों के सिर से उठा पिता का साया
घोरावल। परिजनों ने बताया कि विकास कुछ महीनों से वाराणसी में मकान निर्माण कार्य में ठेकेदार के माध्यम से काम कर रहा था। विकास के पिता बालगोविंद की तबीयत इन दिनों खराब चल रही है। जिससे पिता व मां तीन दिन से वाराणसी में उसके साथ रह रहे थे। सोमवार को किसी निजी अस्पताल में उनका ऑपरेशन होना था। रविवार रात हादसा हो गया। विकास चार भाइयों में सबसे बड़ा था। उसे तीन वर्ष और एक वर्ष की दो पुत्रियां हैं। विकास की पत्नी इस समय गर्भवती है। पति की मौत की खबर के बाद पत्नी, मां-पिता, भाइयों व परिजनों का करुण क्रंदन देख कर ग्रामीण भी भावुक हो गए।