शक्तिनगर/बीजपुर। पड़ोसी राज्य मध्यप्रदेश की सीधी-सिंगरौली लोकसभा सीट पर 19 अप्रैल को मतदान होगा। मतदान को लेकर बृहस्पतिवार की शाम यूपी-एमपी बॉर्डर पूरी तरह सील कर दिया गया। यूपी सीमा से लगते छह स्थानों पर बैरियर लगाकर अर्द्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है। उधर, जिला मुख्यालय सिंगरौली के समीप स्थित पाॅलीटेक्निक काॅलेज परिसर से रवाना हुए मतदान कर्मचारी शाम तक अपने गंतव्य तक पहुंच गए।
शक्तिनगर क्षेत्र से मध्यप्रदेश का तेलगवां, दुद्धीचुआ और मटवई बॉर्डर लगता है। इन बॉर्डरों पर बृहस्पतिवार शाम से सुरक्षा बलों के जवान बेवजह आने जाने वाले लोगों के साथ वाहनों की सघन जांच शुरू कर दिया। हालांकि उचित कारणों से इधर से उधर जाने वाले लोगों को रियायत दी गई। कोयला व पावर प्रोजेक्ट क्षेत्र में कार्य करने वाले कर्मचारियों को परिचय पत्र दिखा कर आने जाने की सहूलियत है। शक्तिनगर में ड्यूटी करने व रोजगार करने वाले काफी संख्या में लोग मध्यप्रदेश के सीमांचल क्षेत्र में रहते हैं। मतदान के लिए मध्यप्रदेश में घोषित अवकाश का असर यूपी के सीमावर्ती क्षेत्र में भी दिखाई देगा। अनपरा से लगने वाले खनहना सीमा, बीजपुर से लगने वाली गोभा, चोपन (जुगैल) व घोरावल से लगने वाली मप्र के चितरंगी सीमा को सील किया गया है। बॉर्डर सील होने से शुक्रवार शाम तक दोनों प्रदेशों के सीमावर्ती क्षेत्रों में होने वाली सामान्य गतिविधियां प्रभावित रहेगी। शुक्रवार सुबह से मतदान संपन्न होने तक बड़े वाहनों की आवाजाही रूकी रहेगी। उधर, बीजपुर में थाना क्षेत्र के सिरसोती ग्राम पंचायत बॉर्डर पर पुलिस ने चौकसी बढ़ाई है। मप्र के बलसोता चौकी प्रभारी नीरज सिंह ने बताया कि इमरजेंसी सेवा में लगे लोगों को जांच पड़ताल कर छोड़ा जाएगा। जो लोग यूपी में ड्यूटी करते हैं तो उनके पहचान पत्र देख कर पूछताछ के बाद आने-जाने की अनुमति दी जाएगी। यूपी के सिरसोती बॉर्डर पर प्रभारी निरीक्षक पंकज पांडेय ने बताया कि सीमा पार चुनाव के मद्देनजर लगातार गश्त किया जा रहा है।