सोनभद्र। यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में 80 केंद्रों की अंतिम सूची जारी कर दी गई है। इनमें 16 राजकीय, 10 सहायता प्राप्त और 54 वित्तविहीन विद्यालय शामिल हैं। सोमवार को बोर्ड ने केंद्रों की सूची जारी करने के साथ ही आपत्ति और सुझाव दर्ज कराने का मौका भी दिया है। किसी तरह की समस्या होने पर 21 नवंबर तक आपत्ति या सुझाव दर्ज कराया जा सकता है। चार फरवरी से यूपी बोर्ड की परीक्षाएं शुरू होनी हैं। इस बार कुल 45,391 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। इनमें हाईस्कूल के 27,717 और इंटरमीडिएट के 18,724 परीक्षार्थी शामिल हैं। परीक्षार्थियों के लिए बोर्ड ने गत 26 अक्तूबर को 66 केंद्रों की प्रारंभिक सूची जारी की थी। इसमें कई खामियां सामने आई थीं। मानकों की अनदेखी कर ऐसे विद्यालयों को भी केंद्र बना दिया गया था, जहां पर्याप्त संसाधन उपलब्ध नहीं थे। इसके अलावा विद्यालयों की निर्धारित धारण क्षमता से दोगुना परीक्षार्थियों का आवंटन और अधिकतम सात से 12 किलोमीटर की दूरी संबंधी मानक की भी अनदेखी की गई थी। इसके चलते 66 केंद्रों के संबंध में कुल 66 आपत्तियां दर्ज कराई गई थीं। जिला स्तरीय समिति की बैठक में आपत्तियों पर चर्चा कर उनका निस्तारण किया गया।