रॉबर्ट्सगंज अकड़हवा पोखरा पर छठ पूजन के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम में राम दरबार। संवाद
सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज की अकड़हवा पोखरा छठ पूजा समिति की ओर से देवी जागरण का आयोजन किया गया। इसमें कलाकारों ने देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भक्ति गीतों पर श्रद्धालु पूरी रात झूमते रहे। गायक सूरज गुप्ता, इंद्र कुमार त्रिपाठी और ज्योति शर्मा ने छठी मैया की महिमा पर आधारित भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी। गीतों और भजनों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। जागरण का समापन सुबह सात बजे हुआ। इस मौके पर रमेश सिंह, राजा सिंह, मनीष अग्रहरि, सभासद आनंद चौरसिया, राजू पांडेय आदि मौजूद रहे। अनपरा नगर के वार्ड नंबर 14 स्थित मालवीय नगर के कहुआ नाला छठ घाट पर अर्जुन छठ घाट युवा समिति की ओर से रात्रि जागरण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बनारस से आई श्रीयांस म्यूजिकल टीम के कलाकारों ने आकर्षक झांकियों और भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कलाकार प्रिंस राजा, गोपाल, अभय अनमोल, अवधेश, सोना कश्यप, विवेक जौनपुरिया और राजू प्रजापति ने छठी मैया की महिमा पर आधारित प्रस्तुतियां दीं। समिति अध्यक्ष रविजीत सिंह ने कलाकारों को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में पूर्व ओबरा विधायक सुनील यादव सहित समिति के पदाधिकारी और क्षेत्रीय श्रद्धालु मौजूद रहे। ग्रामसभा कुलडोमरी के चंदुबहरा नगहा मोड़ के समीप युवा छठ पूजा समिति की ओर से बिरहा मुकाबले का आयोजन किया गया। रात दस बजे शुरू हुआ कार्यक्रम सुबह पांच बजे तक चला। इसमें मिर्जापुर से आईं बिरहा गायिका पूनम भाटिया और चर्चित कलाकार बाबूनाथ प्रजापति ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं को बांधे रखा। दोनों कलाकारों ने छठी मैया की महिमा, धार्मिक प्रसंगों और लोक संस्कृति पर आधारित गीत प्रस्तुत किए। पूरी रात श्रोता तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साह बढ़ाते रहे। चंदुबहरा निवासी गौतम राय ने बताया कि कार्यक्रम में क्षेत्र के लोगों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की।