एसडीएम डॉ. केएस पांडेय के नेतृत्व में मंगलवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने अभियान चलाकर कुल चार नमूने लिए। साथ ही औषधि निरीक्षक ने लाइसेंस न होने पर एक मेडिकल स्टोर सीज किया।
जिलाधिकारी के निर्देशन में जिले में मिलावटी खाद्य एवं पेय पदार्थों के विक्रय पर रोकथाम के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने बाईपास रोड राबर्ट्सगंज स्थित यदुवंशी डेयरी से खोवा और राज डेयरी से घी का नमूना संग्रहित किया। टीम ने बाईपास रोड राबर्ट्सगंज स्थित राजबली के प्रतिष्ठान से भैंस का दूध संग्रहित किया। टीम ने मधुपुर बाजार स्थित शमीम अहमद के मेडिकल स्टोर से डाइजेस्टिव एंजाइम सीरप का नमूना लिया। औषधि निरीक्षक संदीप कुमार गुप्ता ने इस मेडिकल स्टोर पर भारी मात्रा में अंग्रेजी दवाइयों बरामद की, जबकि इसका लाइसेंस ही नहीं था। इस पर औषधि निरीक्षक ने दवाइयों समेत मेडिकल स्टोर को सीज कर दिया। संग्रहित नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक को भेजा गया। टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय कुमार सिंह, तहसीलदार रवि प्रजापति, खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रमोद कुमार सोनकर, मयंक शंकर दुबे आदि शामिल रहे।