चोपन। बाग्घानाला के समीप बुधवार को प्राइवेट बस की चपेट में आने से लूना सवार एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद भाग रही बस को पुलिस ने अपने कब्जे में लेते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस के मुताबिक बुधवार को दोपहर दो बजे डाला की तरफ से एक प्राइवेट बस वाराणसी की तरफ जा रही थी। बग्घानाला के करीब बस ने सड़क किनारे चल रहे लूना सवार दाल विक्रेता को रौंद दिया और इसके बाद मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने घटना की जानकारी चोपन थाने की पुलिस को दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृत व्यक्ति की शिनाख्त करने के लिए प्रयास किया लेकिन मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी। मृतक ने बादामी कलर का चेकदार शर्ट व काले रंग का पैंट व मेहरून कलर की गंजी व सफेद रंग का गमछा पहने हुए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लोढ़ी भेज दिया। चोपन पुलिस ने लोगों की सूचना पर भाग रहे प्राइवेट बस को कुछ दूरी पर पकड़ लिया। बस को थाने परिसर में खड़ा कराया गया है। थाना प्रभारी नवीन तिवारी ने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से मृतक की पहचान कराने की कोशिश की जा रही है।