ओबरा। पिछले पांच दिनों से तकनीकी खराबी के कारण बंद ओबरा तापीय परियोजना की 11वीं इकाई बुधवार शाम चालू होने के पांच घंटे बाद दोबारा बंद हो गई। अभियंताओं की टीम इसे दुरुस्त करने में जुटी है।
गत 23 नवंबर को बंद हुई इकाई में आई तकनीकी खामियों को दूर कर बुधवार को शुरू किया गया था। शाम 4.58 बजे सिंक्रोनाइज कर उत्पादन शुरू कर लिया, लेकिन रात करीब 10.31 बजे ब्वायलर ट्यूब लीकेज के कारण इकाई दोबारा बंद हो गई। इकाई के बंद होते ही अभियंताओं में खलबली मच गई। इकाई में आई खराबी को दूर करने के लिए अभियंताओं ने प्रयास शुरू कर दिए। बृहस्पतिवार शाम तक इकाई से उत्पादन शुरू नहीं हो पाया। ओबरा तापीय परियोजना की दसवीं इकाई से 182 मेगावाट, बारहवीं इकाई से 156 मेगावाट और तेरहवीं इकाई से 150 मेगावाट उत्पादन हो रहा था।