शक्तिनगर। अंडर ग्राउंड केबिल जलने से सोमवार को कई कस्बों व गांवों की आपूर्ति ठप हो गई। आए दिन आ रहे फाल्ट व अनापूर्ति से क्षेत्र के उपभोक्ता बेहाल हो गए हैं।
यूपीपीसीएल कोटा सब स्टेशन से ग्रामीण क्षेत्र में होने वाली बिजली आपूर्ति व्यवस्था इन दिनों लड़खड़ा गई है, जिससे उपभोक्ताओं को काफ़ी ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सुबह से शाम तक दर्जनों बार बिजली कटौती के बाद रविवार सुबह से दोपहर डेढ़ बजे तक बिजली आपूर्ति ठप होने से उमस भरी गर्मी से लोग परेशान हैं। रविवार दोपहर बाद बिजली आपूर्ति बहाल हुई तब जाकर राहत मिली, लेकिन कुछ ही घंटे बाद पुन: रात साढ़े नौ बजे खड़िया पुलिया के पास 11 हजार हाईटेंशन लाइन की अंडर ग्राउंड केबल जल गई। इसके वजह से मिसरा, भैरवा, कोहरौलिया, घरसड़ी, चंदुआर, जमशीला, बरवानी, बस स्टैंड, की बिजली आपूर्ति ठप हो गई जिससे रात भर लोग हल्कान रहें। बिजली विभाग कर्मचारियों द्वारा रात से ही फाल्ट दुरुस्त करने का प्रयास किया जा रहा है लेकिन सोमवार शाम तक कामयाबी नहीं मिली थी देर रात तक बिजली आपूर्ति बहाल होने की उम्मीद जताई जा रही है क्षेत्र के उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग के उच्चाधिकारीयों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार करने की मांग किया है।