UP Accident News: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में मुहर्रम के जुलूस के दाैरान उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक बेकाबू कार ने दो लोगों को कुचल दिया। एसओ बाल-बाल बच गए। कार को पुलिस सीसीटीवी के माध्यम से ढूंढ रही है।
Road Accident in Sonbhadra: मुहर्रम पर ताजिया जुलूस के दौरान बभनी तिराहे के बेकाबू इनोवा कार की चपेट में आने से पीआरडी जवान समेत दो लोग घायल हुए। हादसे में बभनी एसओ बाल बाल बच गए। कार को लेकर चालक मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
विज्ञापन
बभनी बाजार में रविवार को मुहर्रम का जुलूस निकाला जा रहा था। इसी दौरान छत्तीसगढ़ की तरफ से तेज गति में आ रही कार ने जुलूस में शामिल ग्यासुद्दीन (55) और वहां से गुजर रहे शिवरतन (52) को चपेट में ले लिया। टक्कर के पास चालक गति तेज कर कार भगाने लगा।
इस बीच, सामने आए बभनी एसओ कमलेश पाल ने किसी तरह खुद को बचाया। कार चालक के फरार होने पर लोग आक्रोशित हो गए और थाने पहुंचकर नारेबाजी करने लगे। लोगों की भीड़ जुटने से छत्तीसगढ़-मुर्धवा मार्ग पर कुछ देर के लिए आवागमन प्रभावित हुआ। एसओ के काफी समझाने के बाद लोग शांत हुए।
विज्ञापन
दोनों घायलों को बभनी सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताते हैं कि शिवरतन पीआरडी जवान है। वह कारीडांड ड्यूटी के लिए जा रहा था। घटना की सूचना मिलने पर सीओ दुद्धी राजेश कुमार राय मौके पर पहुंच गए। एएसपी टीएन त्रिपाठी ने बताया कि घायलों का उपचार चल रहा है। वाहन की तलाश की जा रही है। मौके पर शांति व्यवस्था क़ायम है।