करमा थाना अंतर्गत जुड़वरिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के पास सोमवार की रात नहर में गिरने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। वह अपने जीजा को लेने केकराही जा रहा था। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ओबरा के बिल्ली मारकुंडी निवासी शिवम खरवार (20) रविवार की देर शाम अपने जीजा को लेने केकराही जा रहा था। जुड़वरिया के पास अचानक उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित नहर में चली गई। हादसे के बाद राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल शिवम को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजवाया। वहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना पाकर परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए। उनका रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।