सदर कोतवाली क्षेत्र के मुसही गांव के समीप बुधवार की रात अनियंत्रित होकर स्कार्पियो बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में स्कॉर्पियो सवार चार युवक घायल हुए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। डॉक्टर ने एक की हालत गंभीर देख ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया।
रात करीब पौने 11 बजे मुसही गांव के समीप चुर्क-पुलिस लाइन मार्ग पर अनियंत्रित होकर स्कार्पियो बिजली के खंभे से टकरा गई। इसकी जानकारी होने पर फोर्स के साथ दारोगा प्रेम शंकर मिश्रा मौके पर पहुंचे। वाहन के अंदर से घायलों को निलकवाया। दरोगा ने बताया कि हादसे में राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के पवर गांव निवासी अंकुर पटेल (20), आशीष पटेल (22), मनीष सिंह पटेल (22) और बहुआर गांव निवासी कार्तिक पटेल (21) को जिला अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार करने के बाद डॉक्टर ने कार्तिक को रेफर कर दिया। उधर घटना की जानकारी होने पर घायलों के परिवार के लोग अस्पताल पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि कार से सभी युवक किसी शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।