लगातार दो दिन हुई बारिश से चतरा ब्लाक के करद गांव से निकली बेलन नदी सोमवार की रात उफना गई। इससे फसलें पानी में डूब गईं।
मंगलवार की सुबह 11 बजे एक युवक नदी की धारा में बह गया। सूचना थाने और तहसील के अधिकारियों को दे दी गई, लेकिन कोई मदद के लिए नहीं पहुंचा।
बेलन नदी क्षेत्र के बिटगांव, हिंदूआरी, ओरगाई, खरुआव आदि गांव से होकर गुजरी है। रात में अचानक नदी का उफना गई और आसपास की फसल जलमग्न हो गईं।
शहर कोतवाली क्षेत्र के सेहुआ गांव निवासी युवक फूलसिंह (25) मंगलवार को सुबह 11 बजे कंधे पर साइकल लेकर करारी गांव के पास के पुल से बेलन नदी पार कर रहा था।
अचानक पानी का बहाव तेज होने पर वह नदी में बह गया। साथी को पानी में बहता देख राजेश और कैलाश चिल्लाने लगे। पास खेतों में धान की रोपाई कर रहे किसान मौके पर पहुंचे और युवक की तलाश शुरू कर दी।
ग्रामीणों के घंटों प्रयास के बाद भी युवक का पता नहीं चला। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, लेकिन मौके पर कोई नहीं पहुंचा। हलका प्रभारी उपनिरीक्षक सुरेश यादव ने बताया कि उन्हें सूचना मिली है, वे मौके पर जा रहे हैं।