चोपन थाना क्षेत्र के गुरमुरा में आकाशीय बिजली गिरने से मृतक के घर लगी भीड़। स्रोत जागरूक पाठक
हाथीनाला (सोनभद्र)। चोपन थानाक्षेत्र की ग्राम पंचायत कोटा के गुरमुरा स्थित घसिया बस्ती में बुधवार शाम बिजली गिरने से राजेश कुमार (35) और नेपाल (34) की मौत हो गई। वहीं कुछ दूरी पर रेशमी (16) घायल हो गई। बिजली की चपेट में आने से दो बकरियों की भी मौत हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है। गुरमुरा घसिया बस्ती निवासी राजेश कुमार (35) और नेपाल (34) पीपल के पेड़ के पास स्थित एक मकान में शरण लिए हुए थे। इसी दौरान अचानक तेज गरज-चमक के साथ बिजली गिर गई। इसकी चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कुछ दूरी पर अपने घर के ओसारे में बैठी राजकुमार की पुत्री रेशमी (16) भी बिजली की चपेट में आकर घायल हो गई। उसे प्राथमिक उपचार कराया गया। घटना में पास में बंधी दो बकरियों की भी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर लेखपाल संदीप दत्ता, ग्राम प्रधान प्रहलाद चेरो और थाने की पुलिस पहुंची। राजेश अपने पीछे पत्नी राजकुमारी, दो पुत्रों अर्जुन (16), सजीवन (13) और एक पुत्री शावन कुमारी को छोड़ गए हैं। घटना के समय उनकी पत्नी मायके गई थी, जबकि बड़ा बेटा अर्जुन एक सप्ताह पहले चेन्नई गया है। वहीं नेपाल की पत्नी की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। उनके परिवार में 10 वर्षीय पुत्र धर्मेंद्र है। एसओ गोपाल जी गुप्ता ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज लोढ़ी भेज दिया गया है।