यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रेल प्रशासन ने प्रयागराज-दादरी और नारायणपुर रोड-दादरी स्पेशल ट्रेनों का रूट दादरी से आगे शकूरबस्ती तक बढ़ा दिया है। प्रयागराज-दादरी स्पेशल गाड़ी संख्या 02417/02418 और नारायणपुर रोड-दादरी स्पेशल गाड़ी संख्या 04163/04164 का विस्तारित रूट 11 सितंबर से प्रभावी हो गया है। इससे सोनभद्र समेत मार्गवर्ती जिलों के यात्रियों को गाजियाबाद, नई दिल्ली और शकूरबस्ती तक सीधी रेल सुविधा मिलने की उम्मीद है।
उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज के क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति के सदस्य श्रीकृष्ण गौतम ने रेलवे के इस निर्णय को यात्रियों के हित में बताया है। बताया कि इस संबंध में उन्होंने उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजेश कुमार पांडेय से मुलाकात कर प्रयागराज-दादरी सुपरफास्ट स्पेशल को दादरी से आगे नई दिल्ली तक विस्तारित करने और गाजियाबाद स्टेशन पर ठहराव देने की मांग की थी। इसके अलावा उत्तर मध्य रेलवे और उत्तर रेलवे के महाप्रबंधकों को पत्र भेजकर भी इस मुद्दे को उठाया गया था। रेलवे अधिकारियों ने मांग पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए त्वरित कार्रवाई की और दोनों स्पेशल ट्रेनों का रूट दादरी से आगे गाजियाबाद और नई दिल्ली होते हुए शकूरबस्ती तक बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने कहा कि रूट विस्तार से प्रयागराज, मिर्जापुर, सोनभद्र, टूंडला और मार्गवर्ती शहरों के यात्रियों को बड़ा लाभ मिलेगा। एनसीआर क्षेत्र की यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी और दादरी स्टेशन पर ट्रेन बदलने की परेशानी से भी काफी हद तक राहत मिलेगी। रेलवे के निर्णय पर श्रीकृष्ण गौतम ने उत्तर मध्य रेलवे और उत्तर रेलवे के महाप्रबंधकों के प्रति आभार जताया।