म्योरपुर। रनटोला गांव के पास से बुधवार को पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने 42 जिंदा कछुओं के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया। दोनों तस्कर कछुओं को छत्तीसगढ़ ले जा रहे थे। पूछताछ के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया। रनटोला गांव के पास बुधवार को मुखबिर की सूचना पर वन दरोगा विजेंद्र कुमार, वन रक्षक ओमप्रकाया जायसवाल, पुलिस के एसआई मिट्ठू राजभर ने घेरेबंदी की। संदिग्ध हाल में जा रहे एक बाइक पर सवार दो युवकों को रोका। तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद बोरे से 42 जिंदा कछुए बरामद हुए। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वह अलग-अलग स्थानों से कछुओं को लेकर छत्तीसगढ़ जा रहे थे। उन्होंने अपना नाम जामतेज निवासी कमलपुर और गौरंग मंडल निवासी कृष्णनगर रामानुजगंज जिला बलरामपुर छत्तीसगढ़ बताया। दोनों को वन्य जीव संरक्षण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत जेल भेज दिया गया।