सोनभद्र। वध के लिए बिहार ले जाए जा रहे चार गोवंशीय पशुओं को मांची पुलिस ने बृहस्पतिवार को मुक्त कराया। दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद उन्हें संबंधित धाराओं में जेल भेज दिया गया।एसपी के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत मांची पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दरेंव मोड़ के पास घेराबंदी कर दो पशु तस्करों को पकड़ा। चार गोवंशीय पशुओं को लेकर वह पैदल ही बिहार की ओर जा रहे थे। पूछताछ में उनकी पहचान शौकत अली निवासी अधौरा जिला कैमूर व छैबर धांगर निवासी गिरिया टोला रामपुर बरकोनिया के रूप में हुई। पुलिस ने चारों पशुओं को मेडिकल के बाद गोशाला भेज दिया। वहीं तस्करों को संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जेल भेज दिया।
गैंगस्टर के दो आरोपी गिरफ्तार
सोनभद्र। घोरावल कोतवाली पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। प्रभारी निरीक्षक अंजनी कुमार राय ने बताया कि करमा थाना क्षेत्र के भरकवाह गांव निवासी राहुल और पुनवासी के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी। दोनों फरार चल रहे थे। उन्हें गांव के बाबा बिहारी इंटर कॉलेज के पास से गिरफ्तार कर पूछताछ के बाद कोर्ट के लिए चालान कर दिया गया।