कोतवाली अंतर्गत बैरपुर ग्राम पंचायत के सागरदह टोला में शनिवार की रात सर्पदंश से दो बहनों की मौत हो गई। दोनों घर के अंदर चारपाई पर सो रही थीं। परिजन घंटों गांव में झोलाछाप से उपचार कराते रहे। कोई राहत न मिलने पर सुबह लेकर अस्पताल पहुंचे।सागरदह निवासी संजय कुमार का परिवार रात में खाना खाने के बाद सो गया। संजय कहीं बाहर गए थे। रविवार की भोर में लगभग तीन बजे उनकी दो बेटियां रीता (03) और सीता (06) अचानक चीखते हुए उठीं और रोने लगीं। आवाज सुनकर मां की भी नींद खुली। दोनों ने मां को बताया कि उन्हें किसी जानवर ने काटा है। परिजनों ने देखा तो कमरे से सांप बाहर निकल रहा था। इस बीच दोनों बच्चों की हालत बिगड़ने लगी। घबराई मां ने पति संजय को सूचना दी। आनन फानन पहुंचे संजय अपने निजी साधन से गांव में झोलाछाप के यहां इलाज कराने ले गए। हालत बिगड़ती देख परिजन रविवार की सुबह साढ़े छह बजे दोनों को लेकर चोपन सीएचसी पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। संजय ने बताया कि उसकी एक बेटी की तीन महीने पूर्व बीमारी के कारण मौत हुई थी।