शक्तिनगर। सीमा से सटे चितरंगी (मध्यप्रदेश) इलाके में लोकायुक्त पुलिस ने मंगलवार को दो रिश्वतखोर आरक्षकों को दबोच लिया। कार्रवाई रीवा लोकायुक्त एसपी के निर्देश पर हुई। टीम में लोकायुक्त के डिप्टी एसपी समेत 12 सदस्य शामिल रहे।
चितरंगी तहसील का गढ़वा थाना सोनभद्र के जुगैल थाना क्षेत्र से लगा है। गढ़वा थाने में पदस्थ दो पुलिसकर्मियों को लोकायुक्त की टीम ने 30 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। लोकायुक्त के डिप्टी एसपी प्रवीण सिंह ने बताया कि आरक्षक अनूप यादव व संजीत यादव को रिश्वत लेते पकड़ा गया है। उनके खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत मामला दर्ज करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी गई है। सिंगरौली जिले के ग्राम तमाई निवासी आजाद प्रसाद ने लोकायुक्त पुलिस से शिकायत की थी कि एक महिला की ओर से उसके खिलाफ रिपोर्ट की गई थी। दोनों आरक्षक ने पीड़ित की तहरीर पर एफआईआर ना करने के एवज में एक लाख रुपये की मांग की थी। शिकायतकर्ता ने मजबूरी बताई तो दोनों आरक्षकों ने 30 हजार रिश्वत पर पर सहमति बनाई, जिसकी पहली किस्त आरक्षकों ने पीड़ित से ले ली थी।