सोनभद्र। जिले के यात्रियों काे भोपाल और नई दिल्ली जाने-आने में अब आसानी होगी। दोनों शहरों के लिए जल्द ही अतिरिक्त ट्रेनें मिलने की उम्मीद हैं। चोपन रेलवे स्टेशन से इन ट्रेनों का संचालन होगा। रेलवे बोर्ड व रेल मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने नई ट्रेनों के संचालन की योजना को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज के क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति के सदस्य श्रीकृष्ण गौतम ने बताया कि धनबाद से भोपाल के बीच नई ट्रेन का संचालन शुरू किया गया है। यह ट्रेन हर सप्ताह बुधवार, शनिवार और रविवार को चलेगी। जबकि भोपाल से यह ट्रेन सोमवार, बृहस्पतिवार और शुक्रवार को रवाना होगी। इसके अलावा सोनभद्र के चोपन रेलवे स्टेशन से भोपाल और नई दिल्ली के लिए एक-एक ट्रेन शुरू होने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि इसी सप्ताह रेलवे बोर्ड, रेल मंत्रालय के संचालन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से इस संबंध में चर्चा की है। अधिकारियों ने इस मांग पर सकारात्मक आश्वासन दिया है। उम्मीद है कि शीघ्र ही चोपन से दो नई ट्रेनों के संचालन की मंजूरी मिलेगी। बताया कि चोपन स्टेशन पर वाशिंग लाइन, पिट लाइन और सिक लाइन का निर्माण हो चुका है। ऐसे में यहां ट्रेन के डिब्बों की नियमित सफाई, निरीक्षण और रखरखाव किया जा सकेगा।