चुर्क पुलिस लाइन में चोरी के आरोपी।
- फोटो : SONBHADRA
जनपद में छिनैती की घटनाओं को अंजाम देने वाले दो बदमाशों को कोतवाली पुलिस ने सोमवार को कमोजी गांव के पास से पकड़ा। उनके पास से नकदी, आभूषण समेत अन्य सामान बरामद हुए। पूछताछ में उन्होंने कई घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की है।
पुलिस लाइंस सभागार में एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने पत्रकारों को बताया कि मुखबिर की सूचना पर सोमवार को कमोजी तिराहे के समीप फोर्स के साथ प्रभारी कोतवाल कृष्णानंद राय, पुलिस चौकी चेरूई के प्रभारी प्रमोद यादव, दारोगा संजीव राय छिनैती की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह के दो सदस्यों को काले रंग की बाइक के साथ गिरफ्तार किया।
तलाशी लेने पर पकड़े गए राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के खटौली गांव निवासी आनंद उर्फ बाबू और परासी दुबे निवासी सुनील कुमार के पास से 15000 रुपये नकद, एक बाइक, एक सोने का लॉकेट, एक चांदी की अंगूठी, बिछिया और दो मोबाइल फोन मिला। पूछताछ करने पर दोनों ने बताया कि पहले बाइक से रेकी करते थे। इसके बाद आटो में किनारे बैठे महिलाओं के पर्श, मोबाइल समेत अन्य सामान छिनकर फरार हो जाते थे।
एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने बताया कि पूर्व में भी दोनों के खिलाफ कई मुकदमे में विभिन्न धाराओं में पंजीकृत हैं। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धारा में केस दर्ज कर चालान कर दिया गया। कहा कि पकड़े आरोपियों ने अपने फरार दो साथियों के बारे में जानकारी दी है। एसओजी और सर्विलांस टीम को फरार बदमाशों को पकड़ने के लिए लगाया गया है।