सोनभद्र। जनपद न्यायालय में डिप्टी नाजिर अंबरीष कुमार पाठक से चार अगस्त को दो लाख रुपये रंगदारी मांगी गई। इस मामले में मंगलवार को राबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। आरोपी कानपुर जनपद के रहने वाले हैं।
कानपुर देहात के रूरा थाना क्षेत्र के बंशी नेवादा गांव के अंबरीष कुमार पाठक जनपद न्यायालय में डिप्टी नाजिर हैं। वह राबर्ट्सगंज में रहते हैं। उनका परिवार कानपुर के लवकुशपुरम कल्यानपुर में रहता है। अंबरीष के मुताबिक चार अगस्त की रात लगभग साढ़े आठ बजे उनके मोबाइल पर फोन आया, लेकिन वह रिसीव नहीं कर सके थे। बाद में उस नंबर पर फोन किया तो दीपू तिवारी ने रिसीव किया और धमकी दी कि दो लाख का इंतजाम कर तत्काल पहुंचाओ, नहीं तो तुम्हारे बेटे की हत्या कर दी जाएगी और उसकी लाश का पता तक नहीं चलेगा। किसी को जानकारी देने पर तुम्हारा और तुम्हारे परिवार का भी सफाया कर दिया जाएगा। अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार दीक्षित ने बताया कि डिप्टी नाजिर अंबरीष कुमार पाठक की तहरीर पर उन्हीं के गांव के दीपू तिवारी, पप्पू तिवारी पुत्रगण स्व. रामखेलावन तिवारी, बउसन तिवारी, श्यामजी तिवारी पुत्रगण गुड्डू तिवारी के खिलाफ 387 और 507 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।