राबर्ट्सगंज के रामसरोवर तालाब के पास लगा ढाई सौ केवीए का ट्रांसफार्मर शनिवार की शाम धू-धू कर जल गया। इससे नगर क्षेत्र के अंबेडकर मुहल्ले की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
आग लगने की सूचना पर फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची साथ ही प्रयास कर आग पर काबू पाई। हालांकि बिजलीकर्मी मोबाइल ट्रांसफार्मर लगा कर आपूर्ति बहाल करने में जुटे थे। आग लगने का कारण स्पार्किंग होना बताया जाता है।
रामसरोवर के पास लगे ढाई सौ केवीए के ट्रांसफार्मर से शाम पांच बजे चिंगारी निकलने लगी। देखते ही देखते ट्रांसफार्मर में शार्टसर्किट होने के साथ आग की लपटें उठने लगीं। कुछ ही देर बाद आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
इसी बीच किसी व्यक्ति ने मोबाइल के जरिए बिजली विभाग के एक्सईएन हवलदार रावत को घटना की सूचना दी। एक्सईएन ने तत्काल आपूर्ति ठप करवा कर जेई सुनील कुमार समेत अन्य कर्मचारियों को मौके पर भेजा।
इसी बीच घटना की जानकारी होने पर दमकल कर्मी भी वहां पहुंच कर आग बुझाने मेें जुट गए। आधे घंटे बाद आग पर काबू पाया गया। आग बुझाने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
ट्रांसफार्मर के फूंकने से अंबेडकर नगर और पन्नूगंज रोड के इर्दगिर्द बिजली आपूर्ति ठप हो गई। अवर अभियंता सुनील कुमार का कहना है कि मोबाइल ट्रांसफार्मर से आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। समाचार लिखे जाने तक बिजलीकर्मी फूंके ट्रांसफार्मर को निकालने में जुटे रहे।