सोनभद्र। जिले में बिना पंजीयन चल रहे अस्पतालों पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शुक्रवार को कार्रवाई की। इस दौरान पूर्व में सील किए दो अस्पताल फिर से संचालित मिले। दोनों की ओपीडी और ओटी को सील किया गया। दो पैथालॉजी पर भी कार्रवाई की गई।
सीएमओ डॉ. पीके राय के निर्देश पर सह नोडल डाॅ. गुरु प्रसाद के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घोरावल क्षेत्र में अवैध अस्पतालों की जांच की। इस दौरान पूर्व में मानक विहीन पाए जाने पर सील किया गया विश्वास हास्पिटल का ताला तोड़कर संचालित होता पाया गया। उसे टीम ने सील कर दिया।
इसी दौरान पूर्व में सील रुद्रा पैथालॉजी और जीवन रक्षा अस्पताल भी अवैध रुप से संचालित मिला। दोनों को पूर्व में सील किया गया था। अस्पताल की ओपीडी और ओटी सील कर दिया गया, जबकि पैथालॉजी पर भी टीम ने ताला लगा दिया। मामले में तीनों संचालकों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है। टीम ने बभनी पहुंचकर भी जांच की। पूर्व में झोलाछाप के उपचार से हुई मौत के संबंध में परिजनों का बयान दर्ज किया।