दुद्धी (सोनभद्र)। कोतवाली क्षेत्र के कादल गांव में रविवार को दोपहर बाद अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार सूरज गोंड (25) और मनोज गोंड (24) की मौत हो गई। दोनों युवक हिंडालको में साथ काम करते थे और आपस में गहरे दोस्त थे। घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। कटौली गांव निवासी सूरज गोंड और मझौली निवासी मनोज कुमार रविवार को बाइक से दुद्धी बाजार गए थे। दोपहर बाद दोनों बाजार से घर लौट रहे थे। कादल मार्ग पर पहुंचते ही रेणुकूट की ओर से रजखड़ (दुद्धी) की तरफ जा रहे ट्रक ने उनकी बाइक में सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। इससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। दुद्धी कोतवाल विश्वनाथ प्रताप सिंह ने बताया कि ट्रक को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
मृतक मनोज की फाइल फोटो