सोनभद्र। सदर कोतवाली क्षेत्र के देवरी गांव निवासी युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में दाे आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 26 जुलाई की इस घटना में पुलिस ने युवक के दोस्तों पर ही गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया था। मृतक के शरीर पर चोट के निशान भी मिले थे।
देवरी गांव निवासी विमलेश गुप्ता (25) 26 जुलाई की सुबह दोस्त के पास जाने की कहते हुए घर से निकला था। उसे गांव के ही कुछ लोगों ने शाम को हनुमान मंदिर के पास देखा था। रात में जब वह घर पर नहीं लौटा तो परिजन उसकी खोजबीन में जुट गए। अगले दिन विमलेश का शव घर के बरामदे में लगी चौकी पर पड़ा था। शरीर पर चोट के निशान भी थे। इस मामले में परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए तहरीर दिया था।
मृतक के भाई राजू सहित अन्य का कहना था कि विमलेश को मृत अवस्था में कुछ युवक रिक्शा ट्राली से रात दो बजे के करीब घर के बरामदे में छोड़कर भाग गए, जो कुछ दूर पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। तहरीर पर पुलिस ने पांच अगस्त को देवरी गांव निवासी अनिल, अंशु, कुसुम्हा निवासी प्रकाश पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया था। मुखबिर की सूचना पर नई बाजार चौकी प्रभारी संजय सिंह, कांस्टेबल गौरव कुमार और पंकज सरोज की टीम ने अनिल कुमार और अंशु को सजौर तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया।