बारिश के साथ ओले पड़ने के बाद से गलन बढ़ गई है। मंगलवार को भी सर्द हवाओं का कहर रहा। हालांकि दोपहर में कुछ देर के लिए धूप खिली । उधर आशंका जताई जा रही है कि ठंड लगने से एक रेलवे कर्मी समेत दो लोगों की मौत हो गई।चोपन: जम्मुतवी से चलकर टाटा जाने वाले मूरी एक्सप्रेस दस घंटे विलंब रही। हावड़ा से जबलपुर जाने वाली शक्तिपूंज एक्सप्रेस ढाई घंटे विलंबित रही। अन्य गाड़ियां समय से रहीं।
दुद्धी: रेलवे स्टेशन पर तैनात गेटमैन अब्दुल मन्नान (59) निवासी मधुबनी बिहार की सोमवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों मौत हो गई। रात में वह रामनगर के गेट नंबर 63 पर ड्यूटी पर था। इस दौरान अचानक उसकी हालत बिगड़ी तो उसने परिवार वालों को सूचना दी । उसका पुत्र मौके पर पहुंचकर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराया। मौत कैसे हुई इसका खुलासा नहीं हो सका। आशंका जाहिर की जा रही है कि उसकी मौत ठंड लगने से हुई है। उधर स्टेशन मास्टर शैलेश सिंह ने बताया कि गेटमैन के अंतिम संस्कार के लिए विभाग से दस हजार रुपये सहायता राशि दी गई है।
करमा: थाना क्षेत्र के सिरविट गांव में मंगलवार की सुबह हरिकेश (45) की मौत हो गई। एक सप्ताह से ठंड लगने से वह बीमार चल रहा था। मृतक के बेटे संजय के मुताबिक पिछले सात दिन पूर्व ठंड लगने से उसके पिता हरिकेश की तबीयत खराब हो गई। क्षेत्र के झोलाछाप डॉक्टर से उसके पिता इलाज करा रहे थे। परिवार वालों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर शव का दाह संस्कार कर दिया। घोरावल एसडीएम डीपी सिंह का कहना है कि हरिकेश की मौत कैसे हुई, जांच कराई जाएगी। आसनडीह: बभनी थाना के तेंदुअल गांव मे किसमतिया देवी (24) ठंड लगने से बीमार हो गई।