बिल्ली मारकुंडी क्रेशर बेल्ट में बिजली की जांच करती टीम। संवाद
डाला। डीएम के निर्देश पर गठित आठ विभागों की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को बिल्ली मारकुंडी खनन क्षेत्र की 10 क्रशर प्लांटों की जांच की। कागजातों के अभाव में दो क्रशर प्लांटो को बंद करा दिया।
एसडीएम विवेक सिंह के नेतृत्व में गठित टीम में बिजली, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, उद्योग, जिला पंचायत, राज्य कर, खनिज विभाग के प्रतिनिधि शामिल रहे। संयुक्त टीम ने सभी स्टोन क्रशर प्लांटों की स्थलीय जांच कर कागजातों को देखा। एसडीएम विवेक सिंह ने बताया कि फोटोग्राफ, भू-निर्देशांक सहित आख्या एक सप्ताह में डीएम को उपलब्ध कराना है।
बताया कि बिल्ली क्षेत्र में संचालित ज्ञात्री स्टोन वर्क्स-2 पर भंडारण का कागजात नहीं पाया गया, जिस कारण प्लांट को तुरंत बंद करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा बालाजी स्टोन प्रोडक्ट पर कोई भी कागजात नहीं दिखाए जाने पर प्लांट को तत्काल प्रभाव से बंद करने का निर्देश दिया गया। एसडीएम ने बताया कि ओबरा तहसील क्षेत्र अंतर्गत लगभग 250 क्रशर प्लांट स्थित है। सभी क्रशर प्लांटों के कागजातों की जांच की जा रही है।