सोनभद्र। नई बाजार स्थित सराफा की दुकान में पिछले दिनों हुई चोरी के मामले में वांछित दो बदमाशों को पुलिस ने सोमवार की रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। दोनों मप्र के कटनी के रहने वाले हैं। उन पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस को उनके पास से दो तमंचे और कारतूस मिले हैं। वहीं, अंधेरा होने के कारण बदमाशों के तीन साथी भाग गए।
गत 27 अगस्त की रात नई बाजार स्थित सराफा की दुकान में घुसकर चोर लाखों रुपये के आभूषण समेट ले गए थे। इसके अगले की दिन दुद्धी में भी भीषण चोरी हुई थी। पुलिस ने इन घटनाओं में शामिल छह बदमाशों को पिछले दिनों गिरफ्तार किया था। बाकी नौ बदमाश की गिरफ्तारी के लिए रॉबर्ट्गंज पुलिस व एसओजी की टीम को लगाया गया था। सीओ सिटी रणधीर मिश्र ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर संयुक्त टीम ने चुर्क रेलवे स्टेशन के उत्तरी छोर पर रेलवे पटरी के पास घेरेबंदी की।
पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में मप्र के कटनी निवासी वीर सिंह (27) और आजाद सिंह (35) के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उन्हें दबोच लिया और जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। सीओ ने बताया कि दोनों बदमाशों पर एसपी ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। बदमाशों के पास से दो अवैध तमंचा और कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ के बाद उन्हें संबंधित धाराओं में जेल भेज दिया गया।