जिला योजना की बैठक रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हो गई। इसमें यूपी के समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति, सैनिक कल्याण मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री राम गोविंद चौधरी ने वित्तीय वर्ष 2016-17 के लिए दो अरब 98 करोड़, 40 लाख रुपये के परिव्यय बजट को अनुमोदित किया। इस बजट से ग्राम पंचायत से लेकर जिला पंचायत और सभी नगर निकायों में काम कराए जाएंगे।
बैठक में प्रभारी मंत्री ने कहा कि जनकल्याणकारी एवं विकास परक योजनाओं से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी सकारात्मक सोच के साथ कार्य करें। यह जिला काफी पिछड़ा है। जिले में विकास की काफी जरूरत है। जनप्रतिनिधि आपसी समन्वय के साथ जिले का विकास कराएं। जिला योजना संरचना वर्ष 2016-2017 के विशेषताओं को डीएम सीबी सिंह ने बिंदुवार प्रस्तुत किया, जिसे सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2016-2017 के लिए शासन से जिले को दो अरब, 98 करोड़ 40 लाख स्वीकृ त किया गया है।
जिला योजना संरचना में ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत, जिला पंचायत स्तर एवं सभी नगरीय निकायों से विकास योजना तैयार की गयी है। सीडीओ महेंद्र सिंह ने बताया कि जिला योजना की अनुमोदित राशि में संपर्क मार्ग, स्थानीय विकास, आर्थिक विषमताओं में कमी तथा डा. राम मनोहर लोहिया ग्राम समग्र विकास योजना के ग्रामों को संतृप्त करने के लिए इस योजना में प्राथमिकता दी गयी है।
प्रस्तावित योजना के मुख्य बिंदुओं में नि:शुल्क बोरिंग, हैंडपम्पों की स्थापना, रिबोर, निजी लघु सिंचाई, गहरे नलकूप, रिचार्जिग चैकडैम, मत्स्य विकास, दुग्ध विकास, पशु पालन, भूमि विकास एवं जल संसाधन, तालाब निर्माण, वनीकरण, मनरेगा, एकीकृत वाटर शेड मैनेजमेंट कार्यक्रम, लोहिया आवास, छात्रवृत्तियां समेत अन्य कार्यों को रखा गया है।
मंत्री ने सीडीओ को निर्देश दिया कि जिले मे चल रही विकास परक और जन कल्याणकारी योजनाएं जो पूरी हो चुकी हों, अधूरी हों अथवा शुरू होने वाली हों, उनकी बुकलेट बनाकर जनप्रतिनिधियों को अनिवार्य रूप से मुहैया करा दें। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष अनिल यादव, सदर विधायक अविनाश कुशवाहा, घोरावल विधायक रमेश चंद्र दूबे, एसपी लल्लन सिंह, एडीएम रामचंद्र, सपा नेता विजय यादव, संजय यादव, हिदायतुल्ला खां, अवध नारायण यादव, सईद कुरैशी, भाजपा के अजीत चौबे आदि मौजूद रहे।