सोनभद्र। राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के बढ़ौली चौक के पास मंगलवार को बाइक बेकाबू होकर फ्लाईओवर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार दोनों युवक फ्लाईओवर से नीचे गिर गए और उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल ले गई। एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने भी घटनास्थल का जायजा लिया।
पुलिस के मुताबिक सुबह करीब दस बजे राबर्ट्सगंज नगर स्थित बढ़ौली चौक के समीप फ्लाईओवर पर चंडी तिराहे की तरफ से उरमौरा की ओर जा रही बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और बाइक सवार दोनों युवक नीचे गिर गए। यह देख आसपास के लोगों के होश उड़ गए। घटना की जानकारी होने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को आनन-फानन में जिला अस्पताल भेजवाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की शिनाख्त राबर्ट्सगंज के अखाड़ा मोहाल निवासी विमलेश तिवारी (37) पुत्र रामानंद तिवारी और गुड्डू मौर्य (35) पुत्र लक्ष्मण मौर्य के रूप में हुई। गुड्डू मूलरूप से तीनताली गांव का रहने वाला था लेकिन कुछ साल पहले उनके पिता जमीन और मकान बेचकर मध्य प्रदेश के कटनी जिले में चले गए। अखाड़ा मोहाल में गुड्डू सपरिवार किराए पर रहता था और ट्रक चलाकर जीवकोपार्जन करता था। उधर मृतकों के घरवालों को घटना की जानकारी हुई तो कोहराम मच गया। कोतवाल ने बताया कि मृतक विमलेश के भाई रत्नेश ने लिखित सूचना दी है कि बाइक से गिरकर उनके भाई समेत दो की मौत हो गई। शवों का पोस्टमार्टम करवा कर घरवालों को सुपुर्द कर दिया गया। विमलेश एक निजी विद्यालय के संचालन का काम देखते थे। दोनों मृतकों को एक-एक बेटी और बेटा है।
राबट्सगंज के बढ़ौली चौक के पास फ्लाईओवर से गिरकर ाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। घटनास्थल का जायजा लिया और बाइक की स्थिति को देखा। ऐसा प्रतीत होता है कि पहले बाइक लेफ्ट साइड में डिवाइडर से टकराई है और दोनों नीचे गिर गए। वहीं गाड़ी ऊपर रह गई और दाहिने साइड जाकर गिर पड़ी। - अमरेंद्र प्रसाद सिंह, पुलिस अधीक्षक, सोनभद्र
जिंदा जलकर युवती समेत चार की हुई थी मौत
सोनभद्र। राबर्टसगंज के बढ़ौली चौक के पास मंगलवार को फ्लाईओवर से नीचे गिरने से दो युवकों की हुई मौत ने वर्ष 2016 में एक युवती समेत चार लोगों की जिंदा जलने से हुई मौत की घटना को ताजा कर दिया है। पुलिस के अनुसार 25 अप्रैल 2016 की रात उरमौरा स्थित ढाबे पर भोजन करने के बाद रात के करीब दो बजे अपाचे बाइक से राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के बहुअरा बहेरवां गांव निवासी रोहित, पकरी गांव निवासी दीपू, सिरसी गांव निवासी प्रणव सिंह व एक युवती इसी फ्लाईओवर पर जल कर मर गए थे। बाइक में आग कैसे लगी, इसे किसी ने नहीं देखा। कुछ देर बाद उधर से गुजर रहे एक ट्रक चालक ने उरमौरा स्थित पिकेट पर तैनात सिपाहियों को सूचना दी थी। इसके बाद और अग्निशमन दस्ते ने वहां पहुंचकर आग बुझाया लेकिन तब तक रोहित, दीपू व युवती की मौत हो चुकी थी। झुलसे प्रणव को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे वाराणसी रेफर कर दिया गया। उसने भी घटना के नौवें दिन दम तोड़ दिया। युवती व दीपू तो इस कदर झुलसे थे कि उनके हाथ.पैर की हड्डियां तक अलग.अलग हो गई थीं। घटना के बाद मृतकों के परिजन इस पूरे मामले में हत्या का आरोप लगाते हुए सीबीआई जांच की मांग कर रहे थे, लेकिन पुलिस इसे दुर्घटना मान रही थी।