राबर्ट्सगंज के कांशीराम शहरी आवास कालोनी के समीप रविवार को घेराबंदी कर पुलिस ने हेरोइन तस्कर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। तस्करों के कब्जे से डेढ़ सौ ग्राम हेरोइन मिली जिसकी कीमत 15 लाख है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट का मुकदमा दर्ज करते हुए चालान कर दिया गया।
जिले में पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के क्रम में रविवार को राबर्ट्सगंज पुलिस के हाथ बड़ी कामयाबी हाथ लगी। कांशीराम आवास कॉलोनी के समीप घेराबंदी कर स्वाट टीम प्रभारी अमित तिवारी, एसओजी प्रभारी श्याम बहादुर यादव, कांशीराम पुलिस चौकी इंचार्ज जितेंद्र कुमार ने 15 लाख कीमत की हेरोइन बरामद करने के साथ ही दो को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाल अविनाश चंद्र सिन्हा के मुताबिक पकड़े गए बाबा सोनकर पुत्र स्व. शिवदास निवासी कांशीराम आवास कालोनी थाना राबर्ट्सगंज और सुखराम बियार पुत्र श्रीराम निवासी मेहुड़ी खुर्द थाना राबर्ट्सगंज को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 150 ग्राम हेरोइन बरामद किया। इसकी कीमत करीब 15 लाख है। सीओ राजकुमार तिवारी ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों के पास से हेरोइन बिक्री का 55180 रुपये नकद भी बरामद हुआ है। दोनों खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करते हुए चालान कर दिया गया।