सदर कोतवाली क्षेत्र के राबर्ट्सगंज रेलवे स्टेशन के समीप बृहस्पतिवार की रात घेराबंदी कर पुलिस ने हेरोइन के साथ एक महिला समेत दो को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पास से सौ ग्राम हेरोइन मिली। बरामद हेरोइन की कीमत दस लाख है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया गया।
जिले में पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देशन में मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान के क्रम में बृहस्पतिवार की रात क्राइम ब्रांच और थाना रॉबर्ट्सगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने रेलवे स्टेशन जाने वाले मार्ग पर ट्रांसफार्मर के पास से हेरोइन के साथ दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। सीओ राजकुमार तिवारी ने बताया कि पकड़े तस्कर अरुण निवासी वार्ड नंबर 11 विकासनगर और काजल पुत्री दिनेश निवासी ऐलाही के कब्जे से क्रमश: 70 ग्राम और 30 ग्राम हेरोइन बरामद किया। सीओ ने बताया कि पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि मुगलसराय रेलवे क्रासिंग के पास से उक्त मादक पदार्थ को किसी व्यक्ति से खरीद कर जिले में लाकर बेचते हैं। तस्करों को पकड़ने में कोतवाल दिनेश प्रकाश पांडेय, एसओजी प्रभारी देवेंद्र सिंह, सर्विलांस प्रभारी अमित सिंह, दारोगा साजिद यादव शामिल रहे।