बभनी। स्थानीय थानाक्षेत्र के नधिरा बैरियर के समीप रविवार को वन भूमि एवं ग्राम सभा की जमीन पर कथित अवैध कब्जे को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद बढ़ने पर मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया और शांति भंग की आशंका में दोनों पक्षों से एक-एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर चालान कर दिया। बताया गया कि एक पक्ष की तरफ से दो दिन पहले विवादित भूमि की जोताई किए जाने के बाद रविवार को दूसरा पक्ष वहां मड़ई डालने पहुंचा, जिसका विरोध होने पर कहासुनी और नोकझोंक शुरू हो गई। महिलाओं के पहुंचने से माहौल और गर्म हो गया। एसआई सरफराज खान ने बताया कि भूमि के स्वामित्व एवं कब्जे से जुड़े कागजों की जांच कराई जा रही है। जांच पूरी होने तक दोनों पक्षों को विवादित जमीन पर जोताई या कब्जे संबंधी गतिविधि से रोक दिया गया है। लेखपाल अरुण कुमार ने बताया कि मामले से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी की जा रही है। संवाद