पुलिस ने जेपी एसोसिएट्स के अधिशासी अध्यक्ष अजय शर्मा के अपहरण की साजिश रचने के आरोप में बुधवार को सपा कार्यकर्ता सहित दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से दस बम, एक तमंचा, एक रिवाल्वर, नौ कारतूस, तीन खोखा और एक स्कार्पियो बरामद हुए हैं। आरोपियों के खिलाफ ओबरा थाने में केस दर्ज कर चालान कर दिया गया। एसपी ने पुलिस टीम को पांच हजार रुपये पुरस्कार दिया।
पुलिस लाइन में बुधवार को एएसपी नक्सल रामयज्ञ यादव ने बताया कि कुछ दिनों पूर्व एसपी शिवशंकर यादव को सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी जेपी एसोसिएट्स के अधिशासी अध्यक्ष अजय शर्मा के अपहरण की साजिश रच रहे हैं। एसपी ने इस मामले को देखने के लिए शिकायत प्रकोष्ठ के एसआई जेके सिंह के नेतृत्व मेें एक टीम बना दी।
बुधवार को मुखबिर से सूचना मिली कि अपहरण की साजिश रचने वाले अपराधी ओबरा में पनाह लेने वाले हैं। इस पर पुलिस ने गजराज नगर में ओबरा-डाला मोड़ पर दोपहर करीब एक बजे वाहनों की जांच शुरू कर दी। डाला की ओर से सफेद रंग की एक स्कार्पियो चेकिंग स्थल पर पहुंची। पुलिस ने उसे रोका तो वाहन में बैठे लोगों ने पुलिस पर दो फायर किया और वाहन से उतर कर भागने लगे। जवाब में फायरिंग कर पुलिस ने दो लोगों को पकड़ लिया, जबकि दो भाग निकले।
बताया कि पकड़े गए हाथीनाथ क्षेत्र के गरदरवा गांव निवासी आदिवासी एवं सपा कार्यकर्ता हरिराम चेरो और झारखंड प्रांत के पलामू जिला के पाटन थाना क्षेत्र के काकेकला निवासी गिरिजानंद के पास से 315 बोर का एक तमंचा, एक रिवाल्वर, नौ कारतूस और दो खोखे मिले हैं। स्कार्पियो से दस बम बरामद हुए हैं। आरोपियों के खिलाफ ओबरा थाने में केस दर्ज कर उनका चालान कर दिया गया। एसपी शिवशंकर यादव ने आरोपियों को पकड़ने वाली टीम को पांच हजार रुपये पुरस्कार दिया है।