चोपन। एआरटीओ कार्यालय से फर्जी रिलिजिंग आर्डर जारी कराकर विभिन्न थानों से खनिज संपदा लदे वाहनों को छुड़ाने वाले गिरोह के सदस्यों के खिलाफ पुलिस का शिकंजा कसने लगा है। बुधवार को चोपन थाना क्षेत्र के गुरमा मोड़ के समीप घेराबंदी कर पुलिस ने दो आरोपियों को धर दबोचा। उन्हें धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में चालान कर दिया गया। फरार अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस जुटी है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने फर्जी रिलिजिंग आर्डर के खेल में शामिल आरोपियों को पकड़ने के लिए टीम गठित की है। उसी क्रम में बुधवार को चोपन थाना प्रभारी लक्ष्मण पर्वत ने मुखबिर की सूचना पर दो वांछितों को गुरमा मोड़ से पकड़ा। दोनों कहीं जाने की फिराक में वाहन का इंतजार कर रहे थे। सीओ राहुल पांडेय ने बताया कि पकड़े गए सदर कोतवाली क्षेत्र के उरमौरा गांव निवासी अजीत कुमार मिश्रा और अरौली चुर्क वार्ड नंबर छह निवासी विजेंद्र कुमार उर्फ गुड्डू ने पूछताछ करने पर फर्जी रिलिजिंग आर्डर में शामिल होने की बात स्वीकार की है।
आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न धाराओं में केस दर्ज है। दोनों का चालान कर दिया गया। सीओ ने कहा कि फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। उधर दो लोगों के गिरफ्तार होने के बाद फर्जी रिलिजिंग के खेल में शामिल अन्य आरोपियों में खलबली मच गई है।