साइबर ठगी के आरोपी। स्रोत पुलिस
- फोटो : सांकेतिक
सोनभद्र। फेसबुक पर शेयर ट्रेडिंग ऐप में निवेश कर रकम दोगुनी करने का झांसा देकर 15.93 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले दो आरोपियों को साइबर क्राइम पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से एक मोबाइल बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी अपने बैंक खाते साइबर ठगी में इस्तेमाल के लिए उपलब्ध कराते थे। मामले के तार मिर्जापुर जेल में बंद निरुद्ध एक बंदी से भी जुड़े पाए गए हैं।
करमा थाना क्षेत्र के करकी गांव निवासी जितेंद्र कुमार मौर्य ने शिकायत की थी कि 2023 में फेसबुक पर रकम निवेश कर दोगुनी करने का विज्ञापन देखा था। इसके माध्यम से उसका संपर्क मिर्जापुर के चुनार थाना क्षेत्र के देवरिया जगन्नाथुर निवासी जयप्रकाश बिंद और रोहित उर्फ बंबू से हुआ। दोनों ने उसे बेटवेट ऐप के जरिए निवेश करने और कुछ समय में ही उस धनराशि को दोगुना पाने का झांसा दिया। उनकी बातों में आकर मई 2023 से जून 2026 के बीच उसने कई बार में कुल 15.93 लाख रुपये निवेश किए, लेकिन रकम वापस नहीं मिली।
साइबर थाना प्रभारी डीके चौधरी ने बताया कि तकनीकी और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर तीन सितंबर को मिर्जापुर के चुनार थाना क्षेत्र के देवरिया जगन्नाथुर निवासी जयप्रकाश बिंद और रोहित उर्फ बंबू को गिरफ्तार किया गया। शिकायत पर साइबर क्राइम थाने में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जेल में बंद आरोपी से जुड़े हैं तार
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उनकी मुलाकात मिर्जापुर जेल में निरुद्ध कपिल देव भारद्वाज से हुई थी। आरोपियों के मुताबिक वे अपने बैंक खाते कपिल देव को उपलब्ध कराते थे। कपिल देव ऑनलाइन गेम से संबंधित एपीके फाइल साइबर ठगी करने वालों को उपलब्ध कराने और बैंक खातों के जरिए रकम का लेनदेन कराने में शामिल था। पुलिस के अनुसार कपिल देव पूर्व में एक अन्य साइबर ठगी के मामले में प्रथम लेयर का लाभार्थी पाया गया है।
यह बरतें सावधानी
सीओ हर्ष पांडेय ने सोशल मीडिया पर कम समय में रकम दोगुनी करने वाले निवेश, ट्रेडिंग और गेमिंग के विज्ञापनों से सावधान रहने की अपील की है। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत करने को कहा गया है।