शक्तिनगर। इलाके की बिजली आपूर्ति व्यवस्था सुधरने के बजाय और बिगड़ती जा रही है। मंगलवार दोपहर आपूर्ति ठप हुई तो उपभोक्ताओं का सब्र जवाब दे गया। इसके बाद ट्वीट और व्हाट्सएप का दौर शुरू हुआ तो सीएम से लेकर डीएम तक चला। माना जा रहा है कि कई ट्वीट से संबंधित अफसरों में खलबली मच गई। रात दो बजे आपूर्ति बहाल हुई तब जाकर मामला शांत हुआ।
दरअसल बदइंतजामी के चलते क्षेत्र की आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह बेपटरी हो चुकी है। स्थिति यह है कि बिजली कटने के बाद जिम्मेदार जनता का फोन तक नहीं उठाते ना ही यह बता पाते की किस वजह से सप्लाई बाधित हुई और बिजली कब तक आएगी। मंगलवार को भी कुछ ऐसा ही हुआ। दोपहर बाद हाईटेंशन लाइन का इंसुलेटर फट गया और आपूर्ति ठप हो गई। थोड़ी देर बाद पता चला कि बांसी सब स्टेशन में सिटी जल गई। मनोज सोनी ने इसकी शिकायत ट्विटर के माध्यम से की। इसके बाद राघवेंद्र सिंह, प्रवीण सिंह, विनय जायसवाल, उमेश सागर आदि ने सीएम सहित पूर्वांचल विद्युत निगम के एमडी, ऊर्जा मंत्री व सोनभद्र प्रभारी मंत्री को बिजली गुल होने की शिकायत दर्ज कराई। जिस पर रिप्लाई करते हुए पूर्वांचल विद्युत निगम ने शिकायत दर्ज की और शिकायतकर्ताओं को आश्वासन दिया कि बहुत जल्द ही बिजली आपूर्ति बहाल की जाएगी। इसके बाद रात दो बजे सप्लाई चालू हो सकी।