पिपरी थाना में गायब अल्मुनियम लदा ट्रक के साथ आरोपी। स्रोत पुलिस
करीब 20 दिन पहले 34.850 टन एल्युमिनियम लदे ट्रक की चोरी के मामले में पुलिस महाराष्ट्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उन्हें कब्जे से ट्रक सहित पूरा माल भी बरामद कर लिया। इसकी कीमत करीब 1.63 करोड़ रुपये है।
बुधवार को महाराष्ट्र में गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर शुक्रवार सोनभद्र पहुंची और यहां न्यायालय में पेश किया। सूरत गुड्स ट्रांसपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड के ब्रांच मैनेजर दुर्गेश कुमार चौबे ने गत दिनों पिपरी थाने में तहरीर देकर बताया था कि हिंडाल्को परिसर से 31 अक्तूबर को महाराष्ट्र नंबर के ट्रक पर 34 टन 874 किलोग्राम माल लोड किया गया था। इसे बंगलूरू पहुंचाया जाना था। ट्रांसपोर्ट कंपनी ने ऑल इंडिया ट्रांसपोर्ट कंपनी के माध्यम से वाहन की व्यवस्था की थी। ट्रक रवाना होने के बाद चालक हिम्मत सिंह ने ब्रोकर को फोन कर अपनी दादी की तबीयत खराब होने की जानकारी दी और औरंगाबाद के पास एक दिन रुकने की बात कही।
इसके बाद चालक ने मेडिकल समस्या का हवाला देते हुए घर पर रुकने और चार नवंबर को बंगलूरू के लिए रवाना होने की जानकारी दी। आठ नवंबर को वाहन के पंजीकृत स्वामी से संपर्क करने पर जीपीएस ट्रैकिंग रिपोर्ट प्राप्त हुई। रिपोर्ट के अनुसार दो से पांच नवंबर के बीच वाहन पुणे क्षेत्र में मौजूद था। इसके बाद वाहन और उसमें लदे माल का कोई स्पष्ट पता नहीं चल सका। आशंका जताई कि ट्रक में लदा माल रास्ते में कहीं उतारकर गायब कर दिया गया। थानाध्यक्ष अजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जांच में महाराष्ट्र के नासिक जिले के पर्सागांव निवासी सचिन अशोक शेलके (26) और नवनाथ अशोक शेलके (25) के नाम प्रकाश में आए थे। 24 नवंबर को दोनों आरोपियों को महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया गया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का 34.850 टन एल्युमिनियम और उसे ढोने में इस्तेमाल ट्रक बरामद किया। बताया कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद महज 15 दिनों में पुलिस ने यह सफलता हासिल की।