सलखन। चोपन थाना क्षेत्र केमारकुंडी घाटी के दूसरे मोड़ पर शनिवार को बेकाबू होकर सीमेंट की शीट लदा ट्रक खाई में गिर पड़ा। हादसे में चालक अजहरुद्दीन (28) व खलासी मिथुन (18) की मौत हो गई। ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर सीमेंट की शीट के नीचे दबे खलासी के शव को बाहर निकलवाया। जिला अस्पताल में पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर घरवालों को सुपुर्द कर दिया।
जौनपुर से शुक्रवार को सतहरिया से सीमेंट की शीट लाद कर सोनभद्र होते हुए ट्रक मध्य प्रदेश के बैढन जा रहा था। शनिवार को सुबह करीब साढ़े नौ बजे चोपन थाना क्षेत्र के मारकुंडी घाटी के दूसरे मोड़ पर सीमेंट की शीट लदा ट्रक पहुंचा था कि अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। इस दुर्घटना में चालक और खलासी शीट के नीचे दब गए और मदद की गुहार लगाने लगे। रास्ते से गुजर रहे अन्य वाहनों के चालकों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। कुछ ही देर में घटनास्थल पर काफी भीड़ एकत्र हो गई। उधर, हादसे की सूचना मिलते ही दलबल केसाथ चौकी प्रभारी गुरमा प्रमोद कुमार यादव घटनास्थल पर पहुंच गए और ग्रामीणों के सहयोग से सीमेंट की शीट के नीचे दबे चालक और खलासी को बाहर निकलवाने में जुट गए। आधे घंटे तक प्रयास करके पुलिस ने चालक अजहरुद्दीन ग्राम बड़होर थाना बभनी को निकलवा कर एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय भेजवाया। यहां चालक अजहरुद्दीन की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार करने के बाद डॉक्टर ने बीएचयू रेफर कर दिया। इस बीच बीएचयू ले जाते समय रास्ते में चालक की मौत हो गई। उधर करीब दो घंटे कड़ी मशक्कत करने के बाद पुलिस ने शीट केनीचे दबे खलासी मिथुन कुमार निवासी बड़होर थाना बभनी का शव बाहर निकलवाया। वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के घरवाले अस्पताल पहुंच गए। गुरमा चौकी प्रभारी प्रमोद कुमार का कहना है कि शवों का पोस्टमार्टम कराकर घरवालों की सुपुर्दगी में दे दिया गया। उन्होंने बताया कि मृतकों के परिवार के लोग जो तहरीर देंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।